ढाका , फरवरी 17 -- बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 49 अन्य सांसदों को मंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने श्री रहमान और अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्री रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भाग लिया। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी थे।
देश में 36 सालों के बाद कोई पुरुष देश का प्रधानमंत्री बना है।
मंत्रिमंडल में 25 कैबिनेट मंत्री तथा 24 राज्य मंत्री शामिल किए गए हैं। कैबिनेट मंत्रियों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, अमीर खुसरू महमूद चौधरी, सलाहुद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद, मेजर (सेवानिवृत्त) हाफिज उद्दीन अहमद, अबू जफर मोहम्मद जाहिद हुसैन, डॉ. खलीलुर रहमान, अफरोजा खानम रीता और निताई रॉय चौधरी शामिल हैं।
राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में एम राशिदुज्जमां मिल्लत, अनिंद्य इस्लाम अमित, मोहम्मद शरीफुल आलम, शमा ओबैद इस्लाम, सुल्तान सलाहुद्दीन टुकू, बैरिस्टर कैसर कमाल और फरजाना शरमीन शामिल हैं।
इससे पहले ढाका के एयरबेस पर बंगलादेश विदेश मंत्रालय के सचिव डॉ. मोहम्मद नजरुल इस्लाम, बंगलादेश में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा और भारत में बंगलादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद रियाज हमीदुल्ला ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ विद्रोह के कारण सरकार के गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के सलाहकार के तौर पर देश की बागडोर संभाल रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित