ढाका , फरवरी 17 -- बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) प्रमुख तारिक रहमान को मंगलवार को पार्टी संसदीय दल का नेता चुना गया। पार्टी अधिकारियों ने बताया कि उनके कैबिनेट में 49 सदस्यों के शामिल हाेने की संभावना है।
श्री रहमान को चुनने का निर्णय पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद नवनिर्वाचित बीएनपी सांसदों की बैठक में लिया गया। यह बैठक उनके सांसद के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद संसदीय दल के कक्ष में हुई। प्रधानमंत्री के रूप में श्री रहमान का शपथ ग्रहण और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण आज शाम को होने वाला है।
सूत्रों ने कहा कि श्री रहमान के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का आकार बड़ा होगा, जिसमें 25 पूर्ण कैबिनेट मंत्री और 24 राज्य मंत्री होंगे। पूर्ण कैबिनेट रैंक पाने वालों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, अमीर खुसरू महमूद चौधरी, सलाहुद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद, मेजर (सेवानिवृत्त) हाफिज उद्दीन अहमद बीर बिक्रम, अबू जफर मोहम्मद जाहिद हुसैन, डॉ. खलीलुर रहमान (टेक्नोक्रेट), अफरोजा खानम रीता और निताई रॉय चौधरी शामिल होंगे।
राज्य मंत्री बनने वालों की सूची में एम राशिदुज्जमां मिल्लत, अनिंद्य इस्लाम अमित, मोहम्मद शरीफुल आलम, शमा ओबैद इस्लाम, सुल्तान सलाहुद्दीन टुकू, बैरिस्टर कैसर कमाल और फरजाना शरमीन शामिल हैं।
इससे पहले सुबह, बीएनपी सांसदों को मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन ने बंगलादेश राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाजा में शपथ दिलाई। यह उन संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप है जो अध्यक्ष या उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में चुनाव प्रमुख को यह जिम्मेदारी सौंपते हैं।
श्री रहमान (60) पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के संस्थापक एवं पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के पुत्र हैं। सत्रह साल के स्वनिर्वासन के बाद श्री रहमान के बंगलादेश लौटने के कुछ समय बाद ही उनकी माँ का दिसंबर 2025 में निधन हो गया था।
गौरतलब है कि 1981 में एक सैन्य तख्तापलट के दौरान जियाउर रहमान की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद खालिदा जिया ने राजनीति में प्रवेश किया और पहली बार 1991 में प्रधानमंत्री का पद संभाला। श्री रहमान 2018 में अपनी मां की जेल यात्रा के बाद से पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।
सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद, मुख्य चुनाव आयुक्त ने संविधान सुधार आयोग के सदस्यों को भी शपथ दिलाई। संसद परिसर के चारों ओर चार-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस समारोह में एक हजार से अधिक स्थानीय और विदेशी मेहमान शामिल हुए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीएनपी सांसदों ने अपनी संसदीय दल की बैठक में निर्णय लिया कि वे शुल्क-मुक्त वाहन या सरकारी आवास स्वीकार नहीं करेंगे।
बंगलादेश जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन से निर्वाचित सांसदों और निर्दलीय सदस्यों ने भी मंगलवार को शपथ ली। उन्होंने भी संविधान सुधार आयोग के सदस्यों के रूप में शपथ ली।
इससे पहले, बंगलादेश जमात-ए-इस्लामी के नायब-ए-अमीर अब्दुल्ला मुहम्मद ताहेर ने कहा था कि यदि बीएनपी सांसद शपथ लेने से इनकार करते हैं, तो उनकी पार्टी भी आयोग के सदस्य के रूप में शपथ लेने से परहेज करेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संवैधानिक सुधार के बिना संसद को 'अर्थहीन' मानती है। यह समारोह शेख हसीना सरकार के पतन के बाद कार्यभार संभालने वाली अंतरिम सरकार के अंत का भी प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित