रायपुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि 'डबल इंजन' की सरकार प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को निजी औद्योगिक हितों के हवाले कर रही है।

श्री बैज ने गुरुवार को जारी बयान में दावा किया कि केंद्र सरकार की नीलामी प्रक्रिया में तारा कोल ब्लॉक सीजी सिन-गैस एंड केमिकल्स लिमिटेड को मिला है। उन्होंने दावा किया कि यह कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहयोगी कंपनी मुंद्रा सिनर्जी लिमिटेड की सब्सिडियरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद प्राकृतिक संसाधनों पर निजी औद्योगिक समूहों का प्रभाव बढ़ाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तारा कोल ब्लॉक करीब पांच हजार एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिसमें चार हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र घने जंगल का है। उन्होंने दावा किया कि खनन के कारण 10 लाख से अधिक पेड़ों की कटाई हो सकती है। इसके साथ ही लेमरू एलीफेंट रिजर्व के आसपास खनन गतिविधियों से हाथियों के आवागमन के रास्तों और अन्य वन्यजीव प्रजातियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

श्री बैज ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 26 जुलाई 2022 को छत्तीसगढ़ विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर हसदेव अरण्य क्षेत्र में किसी नए कोल ब्लॉक का आवंटन अथवा नीलामी नहीं करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि 16 जुलाई 2023 को तत्कालीन राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय में हलफनामा देकर हसदेव अरण्य में किसी नई खदान के आवंटन या विकास की आवश्यकता नहीं होने की बात कही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित