कोलकाता , जुलाई 07 -- पश्चिम बंगाल सरकार गत 24 जून को कोलकाता के दक्षिण-पश्चिम इलाके में तारातला में निर्माणाधीन चाय के गोदाम के गिरने से मृत 16 लोगों के परिवार वालों को हर महीने भत्ता देने पर विचार कर रही है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को यह घोषणा की।

नबन्ना सभागार में आयोजित कार्यक्रम में श्री अधिकारी ने हादसे में मारे गये लोगों के परिवार वालों और घायल हुए लोगों को मुआवजे के चेक वितरित किये।उन्होंने प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "हम देखेंगे कि क्या मृत लोगों के परिवार वालों को हर महीने भत्ता दिया जा सकता है ताकि वे अपनी आजीविका चला सकें।" उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि घायल हुए और अभी भी इलाज करा रहे लोगों का मुफ्त इलाज हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार कोलकाता नगर निगम, शहरी विकास और नगर मामलों के विभाग या कोलकाता पुलिस की किसी भी परियोजना में जीवित बचाये गये लोगों और मृत लोगों के परिवार वालों को अस्थायी नौकरी देने की संभावना पर विचार करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित