कोलकाता , जून 26 -- कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन मालगोदाम ढहने की घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने पूर्व महापौर फिरहाद हाकिम की गिरफ्तारी की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि तारातला मालगोदाम के ढ़हने से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 14 हो गई है, जबकि बचाव दल मलबे में जिंदा बचे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सेना, कोलकाता पुलिस, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं तथा दूसरी एजेंसियों के बचावकर्मियों ने भूमि-भेदी रडार, खोजी कुत्ते और भारी इंजीनियरिंग उपकरणों का इस्तेमाल करके अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने कहा कि 19 घायल मजदूर अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

पुलिस ने कहा कि मरने वालों में से तीन नाबालिग थे जो कार्यस्थल पर मजूदर के तौर पर काम कर रहे थे।बुधवार को बन रहा गोदाम तब गिर गया जब नए डाले गए कंक्रीट को सहारा देने वाली लोहे की बीम और नालीदार मेटल शीट कंक्रीट मिक्स का वजन नहीं झेल पाईं, जिससे दर्जनों मजदूर उसमें फंस गए। कोलकाता पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कृष्णा चौधरी (49), रोहित चौधरी (20), चंद्रमा चौधरी (60), राहुल चौधरी (17), पप्पू कुमार रजक (40), घी कुमार (17), असगर हुसैन (54), साहिल सरदार (17), हसन इमाम (44), गणेश कालंदी (45), नवीन सिंह (44) और स्वपन मंडल (56) के रूप में हुई है। इनके साथ ही दो अनजान आदमी भी हैं जिनकी उम्र करीब 45 साल है।

उन्नीस घायल मजदूरों का एसएसकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।एनडीआरएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "एनडीआरएफ की सात टीमें, जिनमें 210 लोग हैं, कार्यस्थल पर हैं। हम मलबे में फंसे लोगों को ढूंढ रहे हैं।" मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजेश पांडे की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय कमेटी मालगोदाम गिरने के हालात की जांच करेगी और सात दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित