धार , मई 10 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताराघाटी में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने चार दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस के अनुसार पांच मई को ग्राम चामझर निवासी पप्पू अनारे अपनी पत्नी के साथ रिंगनोद से चांदी गिरवी रखकर 2.70 लाख रुपए लेकर लौट रहे थे। टांडा रोड स्थित वन चौकी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोक लिया और दंपति को धक्का देकर गिराने के बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव तथा रिंगनोद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गुलाबसिंह भयड़िया के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। साइबर सेल की सहायता से तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच की गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर गोकुल निवासी नयापुरा भीलखेड़ी और मुकाम निवासी कालीदेवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक लाख एक हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख 61 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित