मुंबई , सितंबर 10 -- सोनी सब और नीला फिल्म प्रोडक्शन्स के लोकप्रिय धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित 18 दिवसीय लाइव क्विज में देशभर से लाखों दर्शकों ने हिस्सा लिया। क्विज में दिल्ली की रिंकी यादव और उनका परिवार विजेता परिवारों में शामिल हुआ है।

एक से 21 अगस्त तक टीएमकेओसी क्लब हाउस ऐप पर आयोजित इस क्विज में प्रशंसकों ने धारावाहिक, इसके किरदारों और गोकुलधाम सोसाइटी से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी परखी।

क्विज के तहत 18 से अधिक विजेता परिवारों को गोकुलधाम सोसाइटी के प्रतिष्ठित सेट पर जाने और धारावाहिक की शूटिंग को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा। विजेता परिवार कलाकारों के साथ शो की 18वीं वर्षगांठ भी मनाएंगे।

निर्माता असित कुमार मोदी ने कहा कि क्विज को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही और इसी को देखते हुए 18 से अधिक परिवारों को गोकुलधाम सोसाइटी के सेट पर आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।

सोनी सब के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवणकर ने कहा कि क्विज में परिवारों की भागीदारी धारावाहिक के साथ दर्शकों के गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को गोकुलधाम सोसाइटी की दुनिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराने को लेकर चैनल उत्साहित है।

क्विज के परिणाम प्रतिदिन घोषित किए जा रहे हैं और विजेताओं की पूरी सूची आने वाले दिनों में टीएमकेओसी क्लब हाउस ऐप पर साझा की जाएगी। विजेताओं से आगे की औपचारिकताओं के लिए टीम व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित