चम्पावत , मार्च 25 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा के तामली क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत तामली मल्टी विलेज पेयजल योजना को वित्त व्यय समिति की स्वीकृति मिल गई है।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी दी गयी।
चंपावत जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को यह जानकारी साझा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा प्रस्तुत इस परियोजना के लिए 14.57 करोड् रुपए की मंजूरी दी गई है। यह योजना पेयजल की दीर्घकालिक समस्या के समाधान के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है।
योजना के तहत चम्पावत विकासखंड के तामली, पोलप, बचकोट और नाग गांवों को लाभ मिलेगा। करीब 21 किलोमीटर क्षेत्र में फैले इन गांवों के 400 से अधिक परिवार इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे।
परियोजना के अंतर्गत लिफ्ट पेयजल प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे जल स्रोतों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक आसानी से पानी पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही मौजूदा 0.68 किलोमीटर लंबी राइजिंग मेन को बढ़ाकर 4.38 किलोमीटर तथा 4.18 किलोमीटर की सप्लाई मेन को विस्तार देकर 7.80 किलोमीटर तक किया जाएगा।
योजना के पूरा होने पर क्षेत्र में स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे जहां लोगों के दैनिक जीवन में सुधार आएगा, वहीं जलजनित बीमारियों में कमी आने की उम्मीद है।
प्रशासन का कहना है कि परियोजना के क्रियान्वयन के बाद क्षेत्र में पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित