बैतूल , अप्रैल 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में ताप्ती नदी से एक महिला का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गाड़वा पीपला गांव के पास नदी में एक महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान की। मृतका की पहचान ग्राम कामिंदा निवासी बाली (27) पत्नी मोगिंया जावलकर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि महिला पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी और उसका पति से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह रविवार को कपड़े धोने नदी गई थी, जिसके बाद लापता हो गई थी। सोमवार को उसका शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला के सिर में गंभीर चोट पाए जाने से हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने पति पर संदेह जताया है। बताया गया है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था।
घटना के दिन पति को गांव के आसपास देखे जाने की भी जानकारी सामने आई है, जबकि उसका मोबाइल बंद है और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी है तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित