बैतूल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में आगामी मां ताप्ती जन्मोत्सव को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर ध्वनि प्रदूषण और अश्लील गीतों के प्रसारण पर रोक के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नशामुक्ति और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
पुलिस द्वारा आयोजित बैठक में सभी डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए कि धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में डीजे नहीं बजाए जाएंगे। अश्लील, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। थाना प्रभारी श्री पटेल ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों और डीजे संचालकों से मां ताप्ती जन्मोत्सव की धार्मिक गरिमा बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इसी अभियान के तहत मुलताई पुलिस ने नगर के विभिन्न विद्यालयों में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई गई। थाना प्रभारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस ने 'सेल्फ क्लिक अभियान' भी शुरू किया है। इसके तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी, बैंक खाते और एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन अथवा स्थानीय पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित