बैतूल , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में आगामी ताप्ती जन्मोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विधायक चंद्रशेखर देशमुख और कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ताप्ती उद्गम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा मुलताई को प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को ताप्ती उद्गम स्थल स्थित मुख्य कुंड और अन्य कुंडों की नियमित साफ-सफाई, मंदिर परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ताप्ती मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग और सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने तथा प्रमुख स्थलों पर जानकारीयुक्त शिलालेख स्थापित करने के लिए भी कहा गया।

दल ने स्लूज गेट और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने परिक्रमा मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने, आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका को पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए कहा गया।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में ताप्ती उद्गम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने पर सहमति बनी। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाबद्ध विकास किया जाएगा। उन्होंने बेहतर प्रकाश व्यवस्था, कवर्ड नालियां, बैठने के लिए बेंच तथा आकर्षक प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने घाट विकास, स्मार्ट शौचालय, पेयजल और कंट्रोल रूम जैसी सुविधाओं की विस्तृत योजना तैयार करने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने भक्त निवास के लिए भूमि चिन्हित करने, जर्जर भवनों का सर्वे कराने, छोटे तालाब को सीढ़ीनुमा घाट के रूप में विकसित करने तथा मंदिर परिसर के आसपास भूमि का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास योजना, सीसीटीवी कैमरे, माइक एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने तथा प्रवाह क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मुलताई को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित