कोलकाता , मई 13 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा के प्रोटम स्पीकर तापस रॉय नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह का संचालन करेंगे जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बुधवार को पहले विधायक के रूप में शपथ लेंगे।

इससे पहले श्री अधिकारी को शनिवार को ब्रिगेड परेड मैदान में राज्यपाल आर एन रवि ने शपथ दिलाई थी लेकिन यहां श्री अधिकारी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में शपथ लेंगे। उल्लेखनीय है कि श्री अधिकारी ने पिछले पांच वर्षों तक विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया था।

विधानसभा में प्रवेश करने से पहले आज श्री अधिकारी डॉ. बी. आर. अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और बाद में मुख्यमंत्री के निर्धारित कक्ष में एक विशेष पूजा में भाग लेंगे।

विधानसभा सत्र के पहले भाग में उत्तर बंगाल और मुर्शिदाबाद के विजयी उम्मीदवार शपथ लेंगे। नादिया और दोनों 24 परगना जिलों के विधायकों को दूसरे भाग में शपथ दिलाई जाएगी।

कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम के विधायक गुरुवार को पहले भाग में शपथ लेंगे, जबकि पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम के विधायक दिन के दूसरे भाग में शपथ लेंगे।

श्री अधिकारी और श्री कबीर ने दो-दो निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है और श्री रॉय पहले ही प्रोटेम अध्यक्ष के रूप में शपथ ले चुके हैं, इसलिए फिलहाल कुल 290 विधायकों के शपथ लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित