श्रीगंगानगर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर अंचल में इस हफ्ते से तापमान में निरंतर वृद्धि होने के साथ ही खेतों में खड़ी फसलों में आग लगने की घटनाओं में भी वृद्धि हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को जिला मुख्यालय के नजदीक दो गांव के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगने की घटना हुई जबकि एक घटना बुधवार देर शाम को हुई।

दमकल सूत्रों के मुताबिक आज दोपहर में चक संख्या 10 एफ में गेहूं के एक खेत में खड़ी फसल में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। इसी प्रकार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे सदर थाना क्षेत्र में मोहनपुरा गांव में भी एक खेत में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर दमकल कर्मियों का दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया।

इससे पहले बुधवार को देर शाम लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के गांव दलियांवाली के एक खेत में भी आग लग गई।जिसे करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया जा सका।

सूत्रों ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले में पिछले तीन-चार दिनों में इस तरह खेतों में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। अधिकतर घटनाएं खेतों में से होकर निकलने वाली बिजली के तारों के तेज हवाओं के कारण टकराने और उससे निकली चिंगारियों की वजह से हो रही हैं। फसल इन दोनों पक कर तैयार हैं। सूखी फसल में आग भी बड़ी तेजी से फैलती है, जिस पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है। किसानों का इससे भारी नुकसान हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित