जम्मू , जनवरी 23 -- जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और कई अन्य सड़कें शुक्रवार सुबह ताजा बर्फबारी के बाद यातायात के लिए बंद कर दी गईं जबकि जम्मू के मैदानी इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के प्रमुख पहाड़ी क्षेत्रों में लंबे सूखे के बाद इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। गुरुवार देर शाम क्षेत्र के कई हिस्सों में 84 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जो जम्मू- कश्मीर में एक नये मौसम संबंधी बदलाव के संकेत थे।
पिछले 24 घंटों में गुलमर्ग 46.0 सेमी, कुपवारा 27.0 सेमी, पहलगाम 18.0 सेमी, कुकरनाग 17.0 सेमी, काजी गुंड 5.0 सेमी; और जम्मू संभाग में बनिहाल में 14.0 सेमी, बटोत में 6.5 सेमी तथा भदरवाह में 5.5 सेमी बर्फबारी दर्ज की गयी।
अधिकारियों ने बताया कि डोडा, किश्तवाड़, रामबन और पुंछ क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि अन्य कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे कई क्षेत्र बर्फ की मोटी चादर से ढक गए और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
उन्होंने बताया, "जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवार, रामबन और पुंछ क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि अन्य कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।" उन्होंने बताया कि आज सुबह तक कई इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढके हुए थे, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं के साथ खराब मौसम के कारण जम्मू के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई और पूरे क्षेत्र में हवाई तथा सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित