समस्तीपुर , अगस्त 12 -- समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के क्रम में ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया और इस दौरान गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा से संबंधित जरूरी निर्देश दिए।

श्री कुशवाहा ने परियोजना के विभिन्न कार्यस्थलों का भ्रमण कर निर्माण कार्य की प्रगति, भूमि संबंधी मामलों तथा परियोजना के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से कार्यों में आ रही कठिनाइयों और लंबित मामलों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई करते हुए परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने गंगा नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर कटाव की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अभियंताओं से कार्य की तकनीकी स्थिति, प्रगति तथा गंगा नदी के जलस्तर और वर्तमान कटाव की स्थिति की जानकारी ली।

श्री कुशवाहा ने संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधक उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत के अनुसार संवेदनशील स्थलों पर कटाव निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

जिलाधिकारी ने अभियंताओं को स्थल का नियमित तकनीकी आकलन करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं अभियंता क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाएं।

निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, समस्तीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, पटोरी विकास कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित