ग्वालियर , मई 26 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवदनी में एक दरिंदे ताऊ ने अपने छोटे भाई की 11 वर्षीय मासूम बेटी को हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने बच्ची का मुंह और हाथ-पैर बांधकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता 11 मई को अपने छोटे भाई के जन्मदिन समारोह में शामिल होने नाना-नानी के यहाँ से माता-पिता के घर आई थी और कुछ दिन वहीं रुकी। 13 मई की रात बिजली गुल होने पर परिवारजन बाहर बैठे थे। इसी दौरान बच्ची अपने छोटे भाई को जगाने कमरे में गई। तभी आरोपी ताऊ ने उसे पकड़कर अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और धमकी दी कि घटना बताने पर जान से मार देगा।

घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची ने मां को जानकारी दी, लेकिन लोकलाज के चलते परिवार ने चुप्पी साध ली। बाद में बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित