दुर्ग , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के सेलूद भाटापारा में तांदुला नहर के तेज बहाव में बहे कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार रायपुर के गुढ़ियारी निवासी शिवम यादव (17) अपने साथियों के साथ सेलूद में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया था। प्रतियोगिता के बाद कुछ युवक सेलूद भाटापारा स्थित नहर के पास गए थे। इसी दौरान दो युवक नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवकों को बचाने का प्रयास किया और एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि शिवम यादव तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने पर उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कराई गई।
एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू उपकरणों के साथ 12 सितंबर को दिनभर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। नहर में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के बावजूद टीम ने पानी के भीतर तथा आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाश की, लेकिन शिवम का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने और नहर की स्थिति को देखते हुए रात में अभियान रोक दिया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने आज सुबह 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार तलाश के बाद शिवम यादव का शव नहर से बरामद कर उतई थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने शव मिलने के बाद पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई उतई थाना पुलिस कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित