बालोद , फरवरी 25 -- ) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी । यह घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव का है, जहां बीती रात तांदुला नदी किनारे अरहर के खेत की झाड़ियों में महिला की लाश बरामद की गई।
मृतका का नाम सावित्री बाई निषाद बताया गया है। परिजनों के अनुसार वह सुबह घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। तलाश के दौरान गांव की महिलाओं ने नदी किनारे झाड़ियों में शव देखे जाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने तत्काल पुलिस और सरपंच को जानकारी दी। गले में साड़ी के भीतर कसकर बंधी रस्सी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की आशंका को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
शव के पास चप्पल उल्टी अवस्था में पड़ी थी। एक हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी, जबकि दूसरे हाथ की मुट्ठी में घास और मिट्टी दबी मिली। शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं, जिससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बालोद थाना पुलिस ने पूरी रात घटनास्थल की सुरक्षा की। सुबह फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। साइबर टीम भी तकनीकी जांच में जुटी रही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित