नरसिंहपुर , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील कार्यालय में लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने आज छापामार कार्रवाई कर एक कम्प्यूटर ऑपरेटर को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार तहसील कार्यालय में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर अजय कुमार श्रीवास्तव ने बरहटा गांव निवासी आशीष कौरव से भूमि के नक्शा दुरुस्तीकरण प्रकरण को स्वीकृत करने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान अजय कुमार श्रीवास्तव को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित