यमुनानगर , सितंबर 08 -- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की यमुनानगर इकाई ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जगाधरी में 840 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ स्थानीय तस्कर को पकड़ा गया जबकि कलानौर के पास करीब छह किलोग्राम ट्रामाडोल (10,800 कैप्सूल) और 1,800 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गयीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश से हरियाणा तक फैले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

एचएसएनसीबी यमुनानगर प्रभारी इंस्पेक्टर मेहरूफ अली के नेतृत्व में टीम ने खुफिया सूचना पर रेलवे पुल अंडर ब्रिज, कैंप चौक जगाधरी में नाकाबंदी कर महेंद्र पुत्र रामबरन निवासी जगाधरी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 840 ट्रामाडोल कैप्सूल (वजन 464.1 ग्राम) बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी।

थाना गांधीनगर में मुकदमा नंबर 211 दिनांक 06.09.2026 धारा 22(सी), 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

उप निरीक्षक मतलूब हुसैन के नेतृत्व वाली टीम ने गांव कलानौर स्थित महाराजा रिजॉर्ट के पास नाकाबंदी कर सहारनपुर निवासी दिलशाद पुत्र सलीम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10,800 ट्रामाडोल कैप्सूल (करीब 6 किलो) और 1,800 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं। मौके से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की गयी।

थाना सदर यमुनानगर में मुकदमा नंबर 344 दिनांक 06.09.2026 धारा 22(सी), 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी दिलशाद से पूछताछ के बाद टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के बेहट क्षेत्र से अनिवेश मित्तल उर्फ राजन पुत्र रामगोपाल निवासी गांव यूसुफपुर उर्फ उसंड, थाना बेहट, जिला सहारनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार इस मामले में दो अंतरराज्यीय आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

एचएसएनसीबी प्रभारी मेहरूफ अली ने बताया कि जिले में नशीली दवाइयों के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यह अंतरराज्यीय नेटवर्क गंभीर विषय है। गिरफ्तार आरोपियों से सप्लाई चेन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी की सूचना हेल्पलाइन 90508-91508, मानस टोल फ्री 1933 या मानस पोर्टल पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित