बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तवा नदी किनारे अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा करीब तीन टन अवैध कोयला जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी शाहपुर राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में शाहपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक नीरज खरे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तवा नदी क्षेत्र से ग्राम गुरगुंदा मार्ग के रास्ते बिना नंबर के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध कोयला भरकर शाहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान बिना पंजीयन नंबर का सोनालिका कंपनी का डीआई-42 इंटरनेशनल मॉडल ट्रैक्टर-ट्रॉली मिला, जिसमें करीब तीन टन कोयला भरा हुआ था। जब्त किए गए कोयले की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने वाहन और कोयले को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ शाहपुर थाने में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कुंवरलाल नागले और आरक्षक सलमान शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अवैध उत्खनन और परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा डायल-100 पर देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित