चंडीगढ़ , मई 20 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि हिसार जिले के तलवंडी राणा गांव के ग्रामीणों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री का यह वादा हर हाल में पूरा किया जाएगा।
वह बुधवार को तलवंडी राणा से हिसार तक वैकल्पिक सड़क निर्माण को लेकर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में नागरिक उड्डयन विभाग, वन विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की। तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति और ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव रखे।
बैठक में अधिकारियों और ग्रामीणों ने मानचित्र का विश्लेषण कर संभावित मार्गों और तकनीकी विकल्पों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। धांसू रोड स्थित बॉटलिंग प्लांट के पास के विकल्पों पर भी चर्चा हुई। अंततः विभागीय अधिकारियों द्वारा सुझाए गए दूसरे विकल्प पर सहमति बनी। इस प्रस्तावित सड़क का मार्ग वन भूमि, जीएलएफ भूमि और निजी भूमि से होकर गुजरेगा। हवाई अड्डे के क्षेत्र में आने वाले 20 मीटर हिस्से को लेकर विमानन विभाग से पत्राचार करने का भी निर्णय लिया गया।
रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव की लंबे समय से लंबित सड़क समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों और शहरों दोनों में बेहतर संपर्क सुविधा और आधुनिक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित