रायपुर , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ में अग्र सेवा सोसायटी की उप-समिति द्वारा ग्राम तर्रा स्थित निर्माणाधीन अग्र सेवा गौशाला परिसर में आयोजित आम सभा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था पदाधिकारियों एवं प्रमुख दानदाताओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बैठक के दौरान गौशाला के समग्र विकास, गोकुल नगर एवं गोठान संचालन, तथा सामाजिक सेवाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही परिसर में सोलर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग और डायलिसिस पीड़ित मरीजों के लिए सेवा केंद्र शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति बनी।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "बुजुर्गों के नाम एक पेड़" अभियान को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई, जिसके तहत सदस्य अपने पूर्वजों के नाम पर वृक्षारोपण करेंगे। इसके अलावा गौशाला परिसर में पक्षियों के लिए "बर्ड्स टावर" निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम के दौरान नव-निर्मित शेड क्रमांक-1 का उद्घाटन सहयोगी दानदाता अशोक अग्रवाल द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। उद्घाटन उपरांत 51 गौमाताओं का विधिवत प्रवेश कराया गया, जहां उपस्थित सदस्यों ने पूजन कर उन्हें आहार प्रदान किया।

इसी क्रम में चारागृह गोदाम का उद्घाटन भी दानदाता सुरेश गोयल खेदड़िया के हाथों सम्पन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित