चंडीगढ़ , मई 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब में हालिया बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के ऐसे आरोप लगाकर अपने पद की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं।

श्री चुघ ने कहा कि भाजपा ने श्री मान के खिलाफ आपराधिक मानहानि, झूठी जानकारी फैलाने और सार्वजनिक अशांति भड़काने के प्रयास को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री मान का बयान राज्य के पुलिस महानिदेशक के बयान के विपरीत है, जहां पंजाब पुलिस इन धमाकों के पीछे पाकिस्तान-आईएसआई और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की बात कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री राजनीतिक एजेंडा चलाने में व्यस्त हैं।

श्री चुघ ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री पंजाब की सुरक्षा कर रहे हैं या राष्ट्रविरोधी ताकतों को राजनीतिक संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान 'ईएसआई की भाषा' बोल रहे हैं और राष्ट्रविरोधी तत्वों को राजनीतिक कवर देने का काम कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि जिस दिन पूरा देश 'ऑपरेशन सिंदूर' की वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य को नमन कर रहा था, उस दिन भाजपा जैसे राष्ट्रवादी दल को आतंकवादी घटनाओं से जोड़ना करोड़ों देशवासियों की भावनाओं और जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान पंजाब में भ्रम, अविश्वास और सामाजिक अशांति पैदा कर सकते हैं। राजनीतिक लाभ के लिए सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने का किसी को अधिकार नहीं है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि यदि सात दिनों के भीतर मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, तो उनके खिलाफ आपराधिक और दीवानी दोनों तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

श्री चुघ ने कहा कि पंजाब आज नशे, बम धमाकों, गैंगस्टर नेटवर्क और आर्थिक संकट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन मान सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब को ड्रामेबाजी नहीं, बल्कि जिम्मेदार शासन की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित