रुद्रपुर , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के तराई में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि कालाबाजारी और अन्य किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी जबकि किसी उपभोक्ता को बिना गैस सिलेंडर डिलीवरी के डिलीवरी का मैसेज भेजे जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी को निर्देशित किया कि गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि गोदाम या एजेंसी से उपभोक्ताओं को सीधे गैस सिलेंडर नहीं दिए जाएं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो।
सभी एजेंसियों को बुकिंग के बाद निर्धारित समय में ही होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि गैस संकट को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी श्री तिवारी ने बताया कि जनपद में घरेलू और व्यवसायिक गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। 31 मार्च तक घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616 और अवशेष 9,392 सिलेंडर रहा, जबकि व्यवसायिक गैस का वितरण 404 और अवशेष 1,366 सिलेंडर दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित