चेन्नई , सितंबर 11 -- प्रसिद्ध तमिल विद्वान, पूर्व प्रोफेसर, महान वक्ता, लेखक और लोकप्रिय 'पट्टीमंद्रम' (बहस शो) के संचालक पद्मश्री सोलोमन पप्पैया का शुक्रवार दोपहर उनके गृह जिले मदुरै में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे।
उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां आज दोपहर लगभग 1:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया है, जहां बहुत लोग उनको श्रद्धांजलि देने पहुंचे। तमिलनाडु के राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर, यूके दौरे पर मौजूद राज्य के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन, तमिल सुपरस्टार रजनीकांत और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
वर्ष 1936 में मदुरै में जन्मे श्री पप्पैया ने 'द अमेरिकन कॉलेज, मदुरै' में तमिल विभाग के अध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने क्लिष्ट तमिल साहित्य को सरल और सरस भाषा में आम जनता तक पहुंचाया। दशकों तक श्री पप्पैया तमिल घरों का एक जाना-पहचाना चेहरा रहे, विशेषकर पोंगल और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान जब उनके जीवंत पट्टीमंद्रम कार्यक्रमों का प्रसारण होता था।
उन्होंने केवल मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि बहस के माध्यम से महिलाओं की भूमिका, पितृसत्ता, घरेलू जिम्मेदारियों और आधुनिक तकनीक के सामाजिक प्रभावों जैसे ज्वलंत विषयों पर संदेश दिए। पप्पैया ने देश-विदेश में हजारों बहस कार्यक्रमों का संचालन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित