चेन्नई , जून 18 -- तमिलनाडु के राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में घोषणा की कि राज्य सरकार संगठित अवैध खनिज खनन और कर चोरी पर सख्ती से रोक लगाएगी और खनिजों से होने वाली आय को दोगुना करने की कोशिश करेगी।
मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार के गठन के बाद विधानसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सदन में अपना पहला पारंपरिक भाषण देते हुए श्री अर्लेकर ने कहा कि तमिलनाडु के खनन क्षेत्र में फैले भ्रष्टाचार के कारण खनिज संसाधनों से होने वाली आय का बहुत नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में खनिज संसाधनों का कुशल और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दोहन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि संगठित अवैध खनन और कर चोरी पर उचित नियमन और सख्ती से रोक लगाई जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बिना किसी हेर-फेर के सरकारी खजाने में राजस्व जमा हो।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के माध्यम से सरकार खनिजों से होने वाली आय को दोगुना करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित