चेन्नई , जून 30 -- तमिलनाडु सरकार में शामिल 'विदुथलाई चिरुथिगल काची' (वीसीके) ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार की स्थिरता पर मुख्य विपक्षी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की बार-बार उठायी जा रही शंकाओं को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि यह सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
कुछ दिन पहले ही द्रमुक अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन (जिन्हें खुद शहर के कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में करारी हार का सामना करना पड़ा था) ने दावा किया था कि टीवीके के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पायेगी और कुछ ही महीनों में गिर जायेगी। इस पर वीसीके के संस्थापक एवं लोकसभा सांसद थोल थिरुमावलवन ने द्रविड़ पार्टी को जवाब देते हुए कहा कि सत्तारुढ़ टीवीके सरकार अपना पूरा कार्यकाल पूरा करेगी।
मदुरै एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए श्री थिरुमावलवन ने श्री स्टालिन के उस बयान का ज़िक्र किया जिसमें कहा गया था कि तमिलनाडु विधानसभा के लिए मध्यावधि चुनाव कभी भी और किसी भी हालात में तीन या छह महीने के भीतर हो सकते हैं। इस पर उन्होंने विजय के नेतृत्व वाली सरकार की स्थिरता पर पूरा भरोसा जताया। यह तमिलनाडु में पहली बार बनी गठबंधन सरकार है, जिसे चुनाव के बाद हुए राजनीतिक बदलावों के बीच टीवीके ने बनाया था।
उन्होंने साफ़ किया कि वीसीके सत्ताधारी सरकार का समर्थन करती रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सरकार सत्ता में बनी रहे और अपना पूरा कार्यकाल पूरा करे।
अपनी पार्टी के वादे को दोहराते हुए उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि टीवीके सरकार का समर्थन करने वाली कोई भी पार्टी अपनी बात से पीछे नहीं हटेगी। उनके अनुसार, गठबंधन के सभी सहयोगी दल अपने वादों को निभाने और राज्य में राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने दो सीटों से चुनाव जीता था और तिरुचि ईस्ट विधानसभा सीट खाली कर दी थी। इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में हिस्सा न लेने की बात कहते हुए श्री थिरुमावलवन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि वीसीके (जिसके दो में से एक विधायक को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है) टीवीके सरकार को पांच साल का कार्यकाल पूरा करने में मदद करने के लिए बिना शर्त समर्थन देना जारी रखेगी। साथ ही, उन्होंने भरोसा जताया कि टीवीके की सहयोगी कांग्रेस और अन्य समर्थक पार्टियां - जैसे कि दो वामपंथी पार्टियां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और और आईयूएमएल (जो अब द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग हो चुकी हैं) - सत्ताधारी गठबंधन को दिए गए बिना शर्त समर्थन के अपने वादे का पालन करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित