चेन्नई , अप्रैल 09 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद शाम पांच बजे तक कुल 310 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं।
आगामी 23 अप्रैल को होने वाले इन चुनावों में इस बार मुकाबला कड़ा है और 20 साल में सबसे ज़्यादा 7,599 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किये हैं। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान, कुल 2,467 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए, जबकि 5,132 सही पाए गए और स्वीकार कर लिए गए।आज नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। अब तक 310 उम्मीदवारों ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया है। इसके साथ ही शाम 17.00 बजे तक चुनावी मैदान में 4,828 उम्मीदवार रह गये है। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सही संख्या की अंतिम तस्वीर आज रात तक साफ हो जाएगी।चुनाव आयोग के अधिकारी अभी भी आंकड़ों को इकट्ठा कर उन्हें अपडेट कर रहे हैं।
वर्ष 2006 से अब तक हुए पिछले पांच विधानसभा चुनावों के आंकड़ों से पता चलता है कि चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की अंतिम संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2006 के चुनावों में कुल 2,586 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था और 2011 में 2,748; 2016 में 3,776; और 2021 में 3,998 उम्मीदवारों ने चुनाव मैदान में थे। वर्ष 2006 के बाद से यह संख्या लगभग दोगुनी हो गई है और इस साल 7,599 तक पहुंच गई है, जिनमें से ज़्यादातर निर्दलीय उम्मीदवार हैं। कुल 7,599 उम्मीदवारों में से 6,216 पुरुष, 1,380 महिलाएं और 3 उम्मीदवार 'थर्ड जेंडर' (तीसरे लिंग) के थे।
इस चुनाव में अन्नाद्रमुक और सत्ताधारी द्रमुक के बीच सीधे मुकाबले की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित