चेन्नई , अप्रैल 23 -- तमिलनाडु में विधानसभा की सभी 234 सीटों के लिए गुरुवार को हुए मतदान में मतदाताओं की भागीदारी अभूतपूर्व रही और 84.93 प्रतिशत वोट पड़े।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। पूरे राज्य में लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। चुनाव आयोग ने आजादी के बाद राज्य में मतदाताओं की इस अभूतपूर्व भागीदारी के लिए उनका आभार जताया।

मतदान सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक चला। कई मतदान केंद्र पर शाम छह बजे तक की निर्धारित अवधि के बाद भी कतारें बनी हुई थीं। भीषण गर्मी के बावजूद मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिये।

करुर ,अरियालूर , धर्मपुरी में , डिंडिगुल , ईरोड, कल्लाकुरीचि , कांचीपुरम , नागापट्टिनम , नामक्कल , पेरेम्बलूर , रानीपेट, सलेम , तिरुचिरापल्ली , तिरुपथूर, तिरुप्पुर , तिरुवन्नामलाई , वेल्लोर और विलुप्पुरम जिलों में राज्य के औसत से अधिक मतदान हुआ।

राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। कुल 5.73 करोड़ मतदाताओं के लिए 75064 मतदान केंद्र बनाये गये थे। इन मतदाताओं में 2.80 करोड़ से अधिक पुरुष तथा 2.93 करोड़ महिलाएं और 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। राज्य की मतदाता सूची में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग के कुल 1.05 करोड़ मतदाता हैं।

मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सील कर मतगणना केंद्रों के 'स्ट्रॉन्ग रूम' में कड़ी सुरक्षा के बीच भेजा गया जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। मतगणना चार मई को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित