चेन्नई , अप्रैल 18 -- तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गयी है। चुनाव प्रचार खत्म होने में अब महज तीन दिन शेष हैं, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर तमिलनाडु पहुंच रहे हैं। वह दिल्ली से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरकर हेलीकॉप्टर के जरिये तिरुवल्लूर जिले के पोन्नेरी में कांग्रेस उम्मीदवार दुराई चंद्रशेखर के समर्थन में दोपहर 12:00 बजे पहली रैली करेंगे। इसके तुरंत बाद वह रानीपेट के शोलिंगुर में मुनि रत्नम और दोपहर बाद त्रिची के थुरैयूर में एम लेनिन प्रसाद के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर शाम को दिल्ली वापस लौट जायेंगे।
श्री गांधी के इस दौरे के बीच मुख्यमंत्री और द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एमके स्टालिन के साथ उनकी कोई संयुक्त रैली आयोजित नहीं की गयी है। द्रमुक के संगठनात्मक सचिव आरएस भारती ने स्पष्ट किया है कि श्री स्टालिन को अभी कई अन्य सीटों पर प्रचार करना है, जिसके कारण व्यस्त कार्यक्रम की वजह से समय निकालना संभव नहीं हो पाया। हालांकि, श्री गांधी की सभाओं में गठबंधन के सभी दलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दूरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें भी लगायी जा रही हैं, लेकिन कांग्रेस की ओर से इसे केवल समय का अभाव बताया गया है।
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी आज शाम पश्चिमी तमिलनाडु के औद्योगिक शहर कोयंबटूर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 6:00 से 7:00 बजे के बीच कोडिसिया मैदान में होने वाली इस रैली में वह प्रमुख उम्मीदवारों का परिचय करायेंगे। इनमें कोयंबटूर उत्तर से प्रत्याशी वनथी श्रीनिवासन और अविनाशी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री के इस दौरे से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने पश्चिमी गढ़ को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित