चेन्नई , मार्च 02 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले दलित संगठन विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) ने सोमवार को सत्तारुढ़ द्रमुक के साथ सीट बंटवारे की वार्ता का पहला दौर आयोजित किया और अपनी मजबूती तथा चुनावी उपस्थिति के अनुपात में सीटों की मांग की है।

धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) का नेतृत्व कर रहे वीसीके ने कहा कि पार्टी ने तमिलनाडु में सात सीटों और पुडुचेरी में तीन सीटों की मांग की जिसमें एक आरक्षित सीट भी शामिल है। पुडुचेरी में भी तमिलनाडु के साथ ही चुनाव होने हैं।

वीसीके के सीट बंटवारा पैनल के सदस्यों ने हालांकि तमिलनाडु में चुनाव लड़ने के लिए वांछित सीटों की संख्या की जानकारी देने से इनकार किया और कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा सूची व्यक्त की है, साथ ही यह पुष्टि की कि उन्होंने पुडुचेरी में तीन सीटों का अनुरोध किया है, जिसमें एक आरक्षित सीट भी शामिल है।

वीसीके ने 2021 के विधानसभा चुनावों में छह सीटों पर चुनाव लड़ा था और उनमें से चार पर जीत दर्ज की थी।

वीसीके अध्यक्ष एवं सांसद थोल थिरुमावलवन ने पत्रकारों से कहा कि द्रमुक कोषाध्यक्ष टी आर बालू की अध्यक्षता वाली द्रमुक सीट बंटवारा समिति को बताया कि उनकी पार्टी तमिलनाडु चुनावों में सम्मानजनक और उचित संख्या में सीटें मिलने की उम्मीद कर रही है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या द्रमुक ने कोई प्रतिबद्धता व्यक्त की है, तो श्री थिरुमावलवन ने कहा कि वे इस मामले पर मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से चर्चा करेंगे और जल्द ही जवाब देने का वादा किया।

वीसीके प्रमुख ने कहा कि सीट बंटवारे की बातचीत सौहार्दपूर्ण रही और इस बात पर बल दिया कि गठबंधन की राजनीति आपसी सम्मान और न्यायसंगत सत्ता बंटवारे पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक एक ऐसा निष्पक्ष समझौता चाहते हैं जो तमिलनाडु में पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों को दर्शाता हो।

श्री थिरुमावलवन ने दोहराया कि वीसीके गठबंधन में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा और उन्होंने आशा व्यक्त किया कि जल्द ही एक आम सहमति बन जाएगी।

इस बीच द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा आने वाले दिनों में अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की उम्मीद है, क्योंकि उसने नौ मार्च को त्रिची में द्रमुक के विशाल सम्मेलन में सभी सहयोगियों को शामिल करने की योजना बनाई है, जिसमें कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है।

द्रमुक ने मुस्लिम संगठनों आईयूएमएल और मानिथानेया मक्कल काची के साथ सीट बंटवारे का समझौता कर लिया है, जिसके तहत दोनों दलों को दो-दो सीटें आवंटित की गई हैं जबकि 2021 में दोनों को तीन-तीन सीटें मिली थीं। हालांकि, निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण बाद में किया जाएगा। एमएनएम द्रमुक के 'उगते सूरज' चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित