चेन्नई , सितंबर 01 -- तमिलनाडु के 52 मंदिरों में मंगलवार से मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती मामलों के मंत्री रमेश ने कहा है कि बिना कैमरे वाले साधारण और बुनियादी मॉडल के मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी।
उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध अदालत के निर्देशों के आधार पर और श्रद्धालुओं को दर्शन के लिये शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू किया गया है। वहीं पलानी, तिरुचेंदूर, मदुरै और रामेश्वरम के मंदिरों में मोबाइल फोन पहले से ही प्रतिबंधित हैं। मंत्री के अनुसार, यह प्रतिबंध मंदिरों के अंदर देवी-देवताओं की तस्वीरें लेने और वीडियो रिकॉर्ड करने की लगातार हो रही घटनाओं के बाद लगाया गया है।
श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे जहां तक संभव हो, कैमरा वाले मोबाइल फोन अपने वाहनों या आवास कक्षों में ही छोड़ दें। जिन लोगों को अपने फोन जमा करने की आवश्यकता है, उनके लिये मंदिरों में सुरक्षित लॉकर की व्यवस्था भी की गयी है। फोन जमा करने पर श्रद्धालुओं को एक रसीद दी जायेगी, जिसे दर्शन के बाद फोन वापस लेने के लिये दिखाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित