चेन्नई , अक्टूबर 12 -- तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून 16 से 18 अक्टूबर के बीच दस्तक दे सकता है, जिसके कारण राज्य के दक्षिणी जिलों और पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में 18 अक्टूबर तक भारी बारिश होने होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि 16 से 18 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल जैसे दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बन गयी हैं।

इसी तरह, इसी अवधि के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ बनी हैं। पूर्वोत्तर मानसून दिसंबर के अंत तक जारी रह सकता है। चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विभाग की निदेशक सुश्री अमुधा ने कहा कि पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के बाद राज्य के उत्तरी जिलों में सामान्य से अधिक बारिश होगी, जबकि दक्षिणी जिलों में लगभग सामान्य वर्षा होगी।

मानसून के दौरान चक्रवाती तूफान की प्रस्थितियां बनने का अनुमान है। पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के मद्देनजर राज्य सरकार समय-समय पर समीक्षा बैठकें कर रही है, ताकि बाढ़ नियंत्रण उपायों को समय पर लागू किया जा सके। जलभराव व बाढ़ को रोकने के लिए वर्षा जल निकासी परियोजनाओं में तेजी लायी जा रही है।

मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सभी जिला कलेक्टरों को मानसून की बारिश से निपटने के लिए एहतियाती उपाय करने का निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित