चेन्नई , अगस्त 05 -- तमिलनाडु सरकार ने दूरदराज़ एवं ग्रामीण इलाके के लोगों को विशेषीकृत चिकित्सा देखभाल तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 'हब-एंड-स्पोक' अस्पताल मॉडल पर आधारित एक टेलीमेडिसिन प्रणाली तथा कैंसर देखभाल के लिए 'हब-एंड-स्पोक' चिकित्सा प्रणाली स्थापित करेगी। इसके तहत पांच क्षेत्रीय अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। यह जानकारी वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बुधवार को राज्य विधानसभा में दी।

टीवीके सरकार का पहला बजट प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि 'हब-एंड-स्पोक' अस्पताल मॉडल पर आधारित टेलीमेडिसिन प्रणाली के तहत विशेषज्ञ डॉक्टरों से युक्त पांच हब को एक ऑनलाइन नेटवर्क के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी अस्पतालों में स्थित 200 स्पोक से जोड़ा जाएगा।

अगले पांच वर्षों में, इस नेटवर्क का क्रमिक रूप से विस्तार करके कुल 1,000 हब और स्पोक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए 18.5 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।

मंत्री ने कहा कि सरकार कैंसर देखभाल के लिए 'हब-एंड-स्पोक' चिकित्सा प्रणाली भी स्थापित करेगी जिसमें कैंसर देखभाल अस्पताल को राज्य-स्तरीय महत्व के संस्थान और एक उन्नत उपचार केंद्र में परिवर्तित किया जाएगा।

कैंसर देखभाल के लिए पांच क्षेत्रीय अस्पताल रोगियों के लिए प्राथमिक संपर्क केंद्र के रूप में स्थापित किए जाएंगे और कैंसर देखभाल में अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां भी संचालित करेंगे। इस पहल के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने हेतु संशोधित बजट अनुमान में 10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।

यह ध्यान में हुए कि आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना एनसीडी और कैंसर रोगियों के निरंतर उपचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, श्री विल्सन ने कहा कि बढ़ी हुई स्क्रीनिंग एवं प्रारंभिक पहचान के साथ, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर के लिए नियमित उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इस बढ़ती मांग को पूरा करने तथा दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने दवाओं के लिए वित्तीय आवंटन में 100 करोड़ रुपये की वृद्धि की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित