चेन्नई , मार्च 17 -- तमिलनाडु में प्रमुख विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने सत्तारूढ़ द्रमुक के कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मोर्चों पर कथित विफलताओं के खिलाफ अपने सदस्यों और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ मंगलवार को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया।

राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेतृत्व कर रहे अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी के अलावा, भारतीय जनता पार्टी, राज्यसभा सांसद डॉ. अंबुमणि के नेतृत्व वाले पीएमके गुट, टीटीवी दिनाकरन की एएमएमके, पूर्व केंद्रीय जहाजरानी मंत्री जी.के. वासन की टीएमसी, आईजेके और एनजेपी सहित गठबंधन के नेताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और द्रमुक सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

श्री पलानीस्वामी ने चेन्नई में आंदोलन का नेतृत्व किया जिसमें पूर्व मंत्रियों, विधायकों, जिला सचिवों सहित अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेताओं, अन्नाद्रमुक के विभिन्न गुटों, जिनमें महिला गुट भी शामिल है, पदाधिकारियों और गठबंधन के नेताओं ने भाग लिया।

मदुरै में भाजपा इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेन्द्रन ने विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता की; कोयंबटूर में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने इसका नेतृत्व किया और तिरुनेलवेली में एक अन्य पूर्व अध्यक्ष तमिलिसाई सौंदराजन ने इनकी अगुवाई की ।

यह विरोध प्रदर्शन तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक की विफलताओं को उजागर करने के लिए किया गया है क्योंकि अन्नाद्रमुक और उनके सहयोगियों का मानना है कि वह महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित