चेन्नई , मई 31 -- तमिलनाडु में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर 18 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है। इस सीट पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्रि कषगम (टीवीके) का उच्च सदन में खाता खुलना पूरी तरह तय माना जा रहा है।
विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद अपने पहले ही प्रयास में सरकार बनाने वाली टीवीके के लिए यह सफलता दोहरी खुशी लेकर आई है। यह सीट अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) के सीवी षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। श्री षणमुगम ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में अपने गृह जिले विल्लुपुरम के मैलम निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी, जिसके बाद उन्होंने सात मई को इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनका कार्यकाल 29 जून, 2028 को समाप्त होना था, लेकिन उनके इस्तीफे के कारण यह उपचुनाव कराना पड़ रहा है।
राज्य विधानसभा में टीवीके सबसे बड़ा दल होने के कारण इस एकमात्र सीट पर निर्विरोध जीत हासिल करने की मजबूत स्थिति में है। इसके साथ ही पार्टी गठन और पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर सरकार बनाने के महज दो साल के भीतर वह संसद के उच्च सदन में कदम रखने के लिए तैयार है।
हालांकि, अभी यह देखना बाकी है कि क्या टीवीके इस सीट को अपने पास रखेगी या इसे कांग्रेस को आवंटित करेगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस ने पहले ही एक राज्यसभा सीट की मांग की थी। जब श्री विजय ने सरकार बनाने और बहुमत साबित करने के लिए आवश्यक आंकड़े जुटाने का प्रयास शुरू किया था, तब कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से गठबंधन तोड़कर सबसे पहले उनका समर्थन किया था, जिसके बाद द्रमुक के अन्य सहयोगियों ने भी इसका अनुसरण किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित