चेन्नई , अक्टूबर 23 -- तमिलनाडु में थूथुकुडी जिले में सथानकुलम के पास मुधलुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में हथियारों से लैस एक गिरोह ने एक परिवार पर बेरहमी से हमला कर दिया जिससे एक महिला की मौत हो गयी तथा उसका पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावर परिवार की दो बेटियों का अपहरण करके मौके से फरार हो गये , हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों लड़कियों (उम्र 15 और 13 साल) को एक घर के बंद कमरे से सुरक्षित बचा लिया तथा एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि इस बर्बर हमले के पीछे एक प्रेम प्रसंग है। परिवार की एक बेटी का 'परोटा मास्टर' ज्ञानप्रकाश के साथ अफेयर था, जिसका उसके माता-पिता ने विरोध किया था।
शुक्रवार तड़के जब परिवार गहरी नींद में था, तब हमलावरों का गिरोह घर में घुस आया और चाकू एवं दरांती जैसे घातक हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में मैरी रेजिला नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मुथुकृष्णन और बेटे प्लेसेट राजा (12) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बीच, पुलिस ने 'परोटा मास्टर' ज्ञानप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर मैरी रेजिला की हत्या करने और परिवार के अन्य सदस्यों को घायल करने का आरोप है। मैरी रेजिला ने अपनी 15 साल की बेटी के साथ ज्ञानप्रकाश के रिश्ते का विरोध किया था।
इस हमले के बाद मैरी रेजिला की दो बेटियां लापता हो गईं, जिसके चलते पुलिस ने उनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। उनके लापता होने से यह आशंका पैदा हुई कि हमलावर ने शायद उन्हें अगवा कर लिया है। पुलिस ने कई सुरागों पर काम करते हुए आखिरकार लड़कियों को आरोपी के घर के एक अंधेरे और बंद कमरे में ढूंढ निकाला। दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया और पुलिस स्टेशन लाया गया।
दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजेंद्र बिदारी ने पुष्टि की कि ज्ञानप्रकाश ने कथित तौर पर मैरी रेजिला की हत्या की और उसकी बेटियों को अगवा कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को खोजने और गिरफ्तार करने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दीं।
थूथुकुडी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिवनाथन ने बताया कि यह हत्या कथित तौर पर इसलिए की गयी क्योंकि मैरी रेजिला ने आरोपी के अपनी 15 साल की बेटी के साथ संबंधों पर आपत्ति जतायी थी, जिसके बाद उन्होंने उससे बात करना बंद कर दिया था।
इस बीच पीएमके अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. अंबुमणि रामदास ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर हथियारों से लैस कोई गिरोह आधी रात को खुलेआम घूम सकता है, किसी घर में घुस सकता है और इस तरह का हमला कर सकता है, तो इसे पुलिस की विफलता माना जाना चाहिए। बताया जा रहा है कि यह क्रूर हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ। जब दो पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद या दुश्मनी हो, तो स्थानीय पुलिस का यह कर्तव्य है कि वह स्थिति पर नज़र रखे और इसे हत्या जैसे अपराधों में बदलने से रोके। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित