नयी दिल्ली/चेन्नई , अप्रैल 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है।

श्री मोदी ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' के तहत तमिलनाडु के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उनसे संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आज तमिलनाडु में जनता बदलाव चाहती है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को उम्मीद के रूप में देख रही है। उन्होंने द्रमुक सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के लगभग हर विभाग में अनियमितताएं हैं और कई मंत्रियों पर मामले भी चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि "कमीशन, कलेक्शन और करप्शन" द्रमुक सरकार की पहचान बनती जा रही हैं।

श्री मोदी ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ड्रग्स और अवैध शराब का नेटवर्क बढ़ रहा है, जिसका असर सीधे परिवारों पर पड़ रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि इन गैर-कानूनी गतिविधियों को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ तमिलनाडु के गरीबों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सही सर्वे न होने के कारण कई पात्र परिवारों को इसका लाभ नहीं मिल सका।

उन्होंने किसानों के मुद्दे पर कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में भेजे गए हैं, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना के तहत लाखों युवाओं और छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी के ऋण मिला है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं को भी लाभ हुआ है।

श्री मोदी ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच जब द्रमुक केंद्र में सहयोगी थी, तब तमिलनाडु में अपेक्षित विकास नहीं हुआ, जबकि वर्तमान सरकार के दौरान रेलवे, हाईवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में 11 नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं और मेडिकल सीटों की संख्या दोगुनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित