चेन्नई , अक्टूबर 14 -- तमिलनाडु और दक्षिणी भारत में अगले 48 घंटों में उत्तर-पूर्वी मानसून के दस्तक देने और दक्षिण-पश्चिमी मानसून के विदा होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि अगले सात दिनों के दौरान केरल और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होगी।अगले दो दिनों के दौरान देश के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिमी मानसून के विदा होने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।
उन्होंने कहा कि दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत और दक्षिण तथा उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हवाओं के आगमन के साथ ही इसी अवधि के दौरान दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में पूर्वोत्तर मानसून की वर्षा गतिविधि शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भारतीय भूमध्यरेखीय महासागर के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर कोमोरिन क्षेत्र की ओर बढ़ने के आसार है। इसके प्रभाव में 19 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व अरब सागर और केरल-दक्षिण कर्नाटक तटों से सटे लक्षद्वीप क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि अगले 4-5 दिनों तक इस क्षेत्र में बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति की हवा के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। मछुआरों को 19 अक्टूबर तक इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित