चेन्नई , मार्च 21 -- तमिलनाडु में चुनाव संबंधी खर्चों की निगरानी के लिए उड़न दस्ते और निगरानी दल के अधिकारियों ने अब तक 75.03 करोड़ रुपये की नकदी और शराब व आभूषणों सहित अन्य सामान ज़ब्त किया है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है।
मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने शनिवार शाम बताया कि चुनावों के संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने तमिलनाडु के 234 विधानसभा क्षेत्रों में 136 सामान्य पर्यवेक्षक, 40 पुलिस पर्यवेक्षक और 151 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किये हैं।
नागरिकों, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को सीधे शिकायत दर्ज करने या चुनाव संबंधी उल्लंघनों की सूचना देने में सक्षम बनाने के लिए संबंधित जिला चुनाव अधिकारियों के माध्यम से इन केंद्रीय पर्यवेक्षकों के संपर्क विवरण प्रसारित किए गये हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग खर्च की निगरानी के लिए मजबूत तंत्र लागू कर रहा है और सुनिश्चित कर रहा है कि राज्य भर में निगरानी और प्रवर्तन दल सक्रिय रूप से तैनात रहें और नकदी, शराब, नशीले पदार्थों तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं सहित अवैध प्रलोभनों पर अंकुश लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित