चेन्नई , जनवरी 27 -- तमिलनाडु के दक्षिणी तटीय थूथुकुडी जिले के माप्पिलैयुरानी गांव में समुद्र में नहाते समय तीन किशोर छात्रों की डूबने से मौत हो गयी। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के कारण छात्र थिरुमणि (13), नरेन श्री कार्तिक (12) और मुगेंद्रन (12) सिलुवैपत्ती मोट्टई गोपुरम समुद्र तट पर आये और स्नान करने के लिए पानी में उतरे।
तीनों समुद्री लहरों में बह गये और शाम लगभग 1630 बजे डूबने से उनकी मौत हो गयी।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों ने तलाशी अभियान चलाया। उनके शव रात में समुद्र तट पर बहकर पहुंचे, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।
आज यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि तीन किशोर बच्चों की दुखद मौत के बारे में सुनकर श्री स्टालिन ने गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया और मुख्यमंत्री के सार्वजनिक राहत कोष से मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित