चेन्नई , सितंबर 14 -- तमिलनाडु पुलिस ने चेंगलपट्टू जिले में भगवान बालमुरुगन डंडायुधपाणि स्वामी की चोरी हुई मरगथा प्रतिमा को बरामद कर लिया है और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, जिले के मदुरांतकम के पास पेरुंगरनई गांव स्थित नडुपलानी बालमुरुगन मरगथा डंडायुधपाणि मंदिर से एक सितंबर की रात भगवान मुरुगन की ढाई फुट ऊंची प्रतिमा और चांदी के सामान चोरी कर लिये गये थे।

तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक/पुलिस बल प्रमुख के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि चोरी की घटना की जांच के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद विस्तृत जांच की और शनिवार शाम चोरी हुई प्रतिमा बरामद कर ली।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि चेंगलपट्टू जिले के मदुरांतकम उपमंडल के सित्तमूर थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पेरुंगरनई गांव में स्थित नडुपलानी बालमुरुगन मरगथा डंडायुधपाणि मंदिर में एक सितंबर 2026 की रात अज्ञात लोगों ने सेंध लगायी थी। उन्होंने ढाई फुट ऊंची मरगथा बालमुरुगन डंडायुधपाणि स्वामी की प्रतिमा और चांदी के सामान चोरी कर लिये थे।

इस सिलसिले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए चेंगलपट्टू जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ऐमन जमाल इकबाल की निगरानी में तथा मदुरांतकम उपमंडल के पुलिस उपाधीक्षक दीपक रजनी के नेतृत्व में छह पुलिस निरीक्षकों की विशेष टीमें गठित की गयीं। विशेष टीमों ने जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और इस तरह के अपराधों में बार-बार शामिल रहे 20 से अधिक पुराने आरोपियों से पूछताछ की। जांच और जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित