चेन्नई , जून 25 -- तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण एवं निर्यात इकाई में रविवार को हुई अमोनिया गैस रिसाव त्रासदी में मृतकों की संख्या गुरुवार को बढकर 12 हो गई।

सरकारी अस्पताल में दो और पीड़ित महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि गैस रिसाव से प्रभावित 66 अन्य पीड़ितों का विभन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। एक पीड़ित महिला की आज सुबह मौत हो गयी, जबकि दूसरी महिला ने अपराह्न में राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने वाली सभी महिलाएं थीं। इनमें से 10 ओडिशा की और दो असम की रहने वाली थीं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपचाराधीन कुल 66 लोगों में से 15 वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं, 21 को ऑक्सीजन दी जा रही है और 30 की हालत स्थिर बताई जा रही है। अब तक पांच कर्मचारियों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है। ज़्यादातर पीड़ित ओडिशा, असम और झारखंड के प्रवासी श्रमिक हैं। साथ ही केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोग भी शामिल हैं।

घायलों का इलाज कई जगह पर किया जा रहा है, जिनमें राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल और सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ-साथ वेल्स अस्पताल और वेंकटेश्वर अस्पताल जैसे प्राइवेट अस्पताल भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि घायलों की हालत पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, जबकि गैस रिसाव की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित