चेन्नई , जनवरी 27 -- तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले के विरुमनथुरई गांव में मंगलवार को पुलिस टीम पर बम और हंसिया से हमला करके भागने की कोशिश कर रहा एक बदमाश पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मारा गया।

पुलिस ने बताया कि एक विशेष टीम उसे एक मामले के सिलसिले में छिपाये गये हथियार बरामद करने के लिए जंगल में ले जा रही थी, तभी बदमाश अलगुरजा उर्फ 'कोट्टू राजा' ने उन पर बम फेंके और हंसिया से हमला करके भागने की कोशिश की।

राजा को 24 जनवरी को एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उसने एक पुलिस वाहन पर देसी बम फेंके थे। यह हमला मदुरै के एक अन्य बदमाश वेल्लाई काली की जान लेने की कोशिश में किया गया था, जिसे एक मामले के सिलसिले में पुदुकोट्टई जेल से चेन्नई ले जाया जा रहा था।

बम हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि वेल्लाई काली बच गया था। सेंट्रल जोन के पुलिस महानिरीक्षक आर बालकृष्णन ने कहा कि यह हमला बदमाश की जान लेने की कोशिश थी, जिसके खिलाफ आठ हत्या और सात हत्या के प्रयास के मामले लंबित थे।

दोषियों का पता लगाने के लिए बनाई गई पुलिस की पांच विशेष टीमों ने राजा को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच के बाद उसे छिपाए गए बम और हथियार बरामद करने के लिए जंगल इलाके में ले जाया जा रहा था, तभी उसने निरीक्षक नंदकुमार और सहायक सब-इंस्पेक्टर शंकर पर बम और हंसिया से हमला करके भागने की कोशिश की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित