चेन्नई , जुलाई 24 -- तमिलनाडु में शुक्रवार को सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी, जिनमें एक पिता और उनका पुत्र भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुडुचेरी के रहने वाले गोपू (46) अपने बेटे दिनेश (15) और रिश्तेदार इलांचेझियन (54) के साथ चेन्नई हवाई अड्डा जा रहे थे। इस दौरान आज सुबह तिरुचि-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग चेंगल्पट्टू जिले के मदुरंतकम के पास एक लॉरी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। लॉरी चालक कार को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका वाहन कार से टकरा गया।
टक्कर लगने से कार चला रहे इलांचेझियन गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठे और उनकी कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। इस हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। इलांचेझियन गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें चेंगल्पट्टू सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लॉरी ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया और मदुरंतकम पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित