चेन्नई , अप्रैल 05 -- तमिलनाडु में रविवार को ईस्टर का त्योहार पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह दिन प्रभु ईसा मसीह के पुनरुत्थान की खुशी में मनाया जाता है।
इस अवसर पर राज्य भर के चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। मध्यरात्रि से ही चर्चों में प्रार्थना के लिए महिलाओं और बच्चों समेत हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार को देखते हुए सभी चर्चों को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। कई जगहों पर ईसा मसीह के पुनरुत्थान की याद में विशेष जुलूस भी निकाले गए।
प्रार्थना के मुख्य आयोजन चेन्नई के सैंथोम बेसिलिका, बेसेंट नगर चर्च और नागपट्टिनम के प्रसिद्ध वेलंकन्नी चर्च में हुए, जहाँ बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर. वी. अर्लेकर, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी और अन्य नेताओं ने प्रदेशवासियों को ईस्टर की बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित