चेन्नई , अक्टूबर 02 -- तमिलनाडु के राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी तथा एवं मानवता के उनके सिद्धांतों को याद किया।

श्री आर्लेकर ने शुक्रवारक को लोक भवन में बापू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहर में राज्य सरकार के खादी ग्रामोद्योग भवन में विशेष बिक्री का उद्घाटन भी किया। तमिलनाडु के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

श्री आर्लेकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "महात्मा गांधी की जयंती पर मैं राष्ट्रपिता को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और निस्वार्थ सेवा के कालजयी आदर्श आज भी मानवता को प्रेरित करते हैं और एक न्यायपूर्ण, शांतिपूर्ण तथा करुणामय समाज की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।"उन्होंने कहा, "एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का उनका दृष्टिकोण आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जब हम विकसित भारत2047 की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस गांधी जयंती पर आइए, हम उनके मूल्यों को बनाए रखने के लिए स्वयं को फिर समर्पित करें और समृद्ध, सौहार्दपूर्ण तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ योगदान दें।महात्मा गांधी को मेरी श्रद्धापूर्ण श्रद्धांजलि।"राज्यपाल ने राज्य की प्रथम महिला अनघा अर्लेकर के साथ आज चेन्नई के अन्ना सालै स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन में गांधी जयंती समारोह में हिस्सा लिया और खादी पर छूट बिक्री का उद्घाटन किया। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और श्रम की गरिमा के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए खादी और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, "खादी केवल एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, सादगी और आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक है। आइए, हम खादी और स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करें तथा अपने लोगों की क्षमता, कौशल और उद्यम के बल पर विकसित भारत के निर्माण के दृष्टिकोण में योगदान दें।"श्री विजय ने महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान नेता बताया, जिन्होंने अहिंसा के जरिए दुनिया को एक संदेश दिया और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने गांधीजी की देशभक्ति और त्यागपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सादगी, ईमानदारी, मानवता, समानता और सामाजिक सद्भाव को अपने जीवन के मार्गदर्शक सिद्धांत बनाकर पूरी दुनिया में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए ऐसा समाज बनाने का आह्वान किया, जहां शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा, "आइए, हम उनके दिखाए न्यायपूर्ण मार्ग पर विजय की अपनी यात्रा जारी रखें।"द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने भी महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरा जीवन ही मेरा संदेश है: महात्मा गांधी की जयंती, जो कभी सत्य के मार्ग से विचलित नहीं हुए।"उन्होंने कहा कि गांधीजी ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत, इंग्लैंड या दक्षिण अफ्रीका में अपने जीवन के हर अनुभव से खुद को गढ़ा। वह लगातार समाज के साथ संवाद करते रहे और खुद को तथा अपने विचारों को बदलाव के लिए तैयार करते रहे, लेकिन अपने मूल सिद्धांतों के प्रति सच्चे बने रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित