चेन्नई , मई 12 -- तमिलनाडु की सियासत में कभी बेहद ताकतवर पार्टी रही अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (अन्नाद्रमुक) मंगलवार को एक बार फिर 'संकट' में फंस गई जब पार्टी के बागी विधायकों ने यह ऐलान कर दिया कि वे बुधवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ टीवीके सरकार के विश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।

यूं तो चुनाव परिणामों के बाद से ही आग सुलगने और धुंआ उठने के संकेत मिलने लगे थे, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि अन्नाद्रमुक की कमान संभाले एडप्पाडी के पलानीस्वामी (ईपीएस) के विरोधी और पार्टी के बागी नेताओं ने खुलकर टीवीके सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है।

पार्टी का विभाजन विधानसभा में तब शीशे की तरह साफ दिखा जब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। सदन में विपक्षी दलों की ओर से बोलने के लिए दो अलग-अलग नेताओं को मौका दिया गया। एक ओर ईपीएस गुट के 17 विधायकों ने पलानीस्वामी को अपना नेता चुना, तो दूसरी ओर बागी खेमे ने कद्दावर नेता एस.पी. वेलुमणि को अपना विधायक दल का नेता घोषित किया। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के कुल 47 विधायक हैं।

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता सी.वी. षणमुगम ने विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने से ठीक पहले अपने आवास पर बागी विधायकों के साथ परामर्श के बाद संवाददाताओं से कहा कि जब टीवीके सबसे बड़े दल के रूप में उभरी और वह बहुमत के जादुई आंकड़े (118) से 11 कदम दूर थी, तब श्री पलानीस्वामी ने यह सुझाव दिया कि अन्नाद्रमुक को द्रमुक से समर्थन लेकर उन्हें (ईपीएस को) मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। बागी नेता षणमुगम ने कहा, "अन्नाद्रमुक की स्थापना ही द्रमुक के विरोध के लिए हुई थी। अगर हम उनके साथ गठबंधन करते हैं, तो पार्टी का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। विधायक इस सुझाव से स्तब्ध थे और उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया।"श्री षण्मुगम ने साफ किया कि उनका इरादा पार्टी को तोड़ने का नहीं बल्कि उसे दोबारा जिंदा करने का है। उन्होंने मांग की कि अन्नाद्रमुक की बैठक तुरंत बुलाई जाए। बागी गुट ने औपचारिक प्रस्ताव पारित कर राजग गठबंधन के तहत मिली हार को स्वीकार किया और फैसला किया कि पार्टी अब स्वतंत्र रूप से काम करेगी और संगठन को फिर से खड़ा करने पर ध्यान देगी।

बागी खेमे ने अपनी नई टीम की भी घोषणा कर दी है। इसमें कहा गया है कि विधायक दल के नेता: एस.पी. वेलुमणि के अलावा उप-नेता के. हरि होंगे जबकि सचेतक का काम सी. विजय भास्कर और सचिव का काम आर. कामराज करेंगे। इस गुट ने अपनी नियुक्ति के पत्र प्रोटेम स्पीकर को सौंप दिए हैं। उधर, ईपीएस गुट ने भी अपनी अलग सूची सौंपी है। अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित स्पीकर जेसीडी प्रभाकरन के फैसले पर टिकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित