चेन्नई , अक्टूबर 19 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा उपचुनावों में जीत से उत्साहित होकर सोमवार को मदुरांतकम और धारापुरम के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की।

चेंगलपट्टू जिले के मदुरांतकम और तिरुप्पुर जिले के धारापुरम के लिए घोषित विकास परियोजनाओं में पेयजल, सिंचाई, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यटन और शहरी अवसंरचना से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।

श्री विजय ने मदुरांतकम के लिए 11 कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें अथिमानम में पुक्काथुरई नाले पर पांच करोड़ रुपये की लागत से चेक डैम का निर्माण और सेम्बुंडी में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से झील के जल निकासी द्वारों की मरम्मत शामिल है।

इसके साथ ही उन्होंने 1.8 करोड़ रुपये की लागत से धान खरीद के छह केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की। किसानों के कल्याण और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए, कटाई के बाद धान को सुरक्षित रखने के लिए आठुर में 20 करोड़ रुपये की लागत से 20,000 टन क्षमता वाला अर्ध-ढका धान भंडारण केंद्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री की अन्य प्रमुख घोषणाओं में 20 करोड़ रुपये की लागत से अचारपक्कम में सरकारी महिला कला एवं विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना और 10 करोड़ रुपये की लागत से मदुरांतकम सरकारी अस्पताल में दुर्घटना एवं आपातकालीन चिकित्सा तथा ट्रॉमा केयर इकाई का निर्माण शामिल है।

मदुरांतकम के लिए घोषित अन्य योजनाओं में ऊंचाई वाली नहर का सुधार, मदुरांतकम झील के पास पर्यटन पार्क और कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाना शामिल है। इसके अलावा ज्ञान केंद्र की स्थापना, बिजली संबंधी बुनियादी ढांचे में सुधार, ग्रामीण युवाओं के लिए छोटे खेल मैदान, चेंगलपट्टू से किसानों को अपनी उपज दूसरे जिलों तक ले जाने और स्कूली व कॉलेज के विद्यार्थियों की यात्रा आसान बनाने के लिए अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू करने की भी घोषणा की गयी।

आर्थिक रूप से कमजोर और भूमिहीन परिवारों के लिए स्थायी आवास उपलब्ध कराने तथा पुक्काथुरई सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का उन्नयन करने की योजनाएं भी घोषित की गई हैं।

श्री विजय ने कहा कि उन्होंने संबंधित विभागों को इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने धारापुरम के लिए छह योजनाओं की घोषणा की। इनमें कावेरी नदी के पानी के स्रोत पर आधारित 1,439 करोड़ रुपये की संयुक्त पेयजल योजना प्रमुख है, जिसके तहत 1,232 ग्रामीण बस्तियों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

अन्य योजनाओं में 2,700 लोगों को मुफ्त आवासीय भूखंडों के पट्टे वितरित करना और करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 271 किलोमीटर लंबी सिंचाई नहरों से गाद निकालना शामिल है।

इसके अलावा पेयजल संबंधी अवसंरचना में सुधार, मुलनूर में नया अग्निशमन एवं बचाव केंद्र स्थापित करना, धारापुरम, मुलनूर और कुंडडम में जलापूर्ति सुविधाओं को बेहतर बनाना, पानी की ऊंची टंकियों का निर्माण, सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था और ठोस कचरा प्रबंधन सुविधाएं विकसित करना भी प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित